Weather Update: अगले 3 दिन जरा संभलकर! मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
Saturday, Feb 07, 2026-03:01 PM (IST)
Weather Update : बिहार में धीरे धीरे मौसम का पासा बदल रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने ताजा एडवाइजरी जारी करते हुए अगले तीन दिन तक अलर्ट रहने को कहा है। विभाग के अनुसार, ठंडी सर्द हवाओं के कारण अगले तीन दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोग ठंड का एहसास करेंगे।
3 डिग्री तक लुढ़केगा पारा
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले तीन दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जा सकती है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। लो-विजिबिलिटी को देखते हुए वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने और सतर्क होकर गाड़ी चलाने की सलाह दी गई है। राहत की बात यह है कि दोपहर में धूप खिलने से मौसम सामान्य बना रहेगा, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। अगले 7 दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा।
10 से 26 डिग्री के बीच रहेगा तापमान
आगामी सप्ताह में अधिकतम तापमान 24°C से 26°C के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 10°C से 12°C तक रहने की आशंका है।
फरवरी में होगी ठंड की विदाई
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फरवरी महीने के साथ ही बिहार से ठंड की विदाई शुरू हो जाएगी। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। फरवरी के दूसरे सप्ताह से दिन के तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि होने के साथ गर्मी का हल्का अहसास शुरू हो सकता है।

