Bihar Weather: मौसम का यू-टर्न! बारिश के बाद अब छूटेंगे पसीने, लू का अलर्ट जारी; पारा पहुंचेगा 42 डिग्री के पार
Friday, Apr 10, 2026-09:28 AM (IST)
Bihar Weather Alert : बिहार में मौसम ने एक बार फिर यू-टर्न कर लिया। आंधी बारिश का सिलसिला थम चुका है और आसमान साफ होने के साथ ही सूरज की तपिश लगातार तेज होती जा रही है। आने वाले दिनों में राज्य को तीखी धूप और बढ़ते तापमान का सामना करना पड़ेगा।
IMD ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले कुछ दिनों के भीतर तापमान में करीब 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। प्रशासन ने राज्य के कई जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। कैमूर, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद और नवादा समेत करीब 10 जिलों में लू चलने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर और वैशाली में भी गर्मी का असर व्यापक रहेगा।
अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा। बारिश के बाद वातावरण में मौजूद नमी अब उमस का रूप ले चुकी है, जो लोगों की परेशानी को और बढ़ाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, गया और दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि पटना और आसपास के क्षेत्रों में भी पारा 40 डिग्री के करीब रहने की संभावना है।
लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इस मौसम में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में दोपहर को बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। अपनी सेहत का भरपूर ख्याल रखें।

