सावधान! घर से निकलने से पहले जान लें मौसम का हाल, बिहार के इन जिलों में बारिश-आंधी की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Thursday, Apr 09, 2026-09:46 AM (IST)

Bihar Weather Alert : बिहार में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। तेज गर्मी के बीच अब लोगों को राहत मिलने के संकेत हैं, क्योंकि मौसम विभाग ने आज राज्य के 19 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में बारिश-आंधी की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी गुरुवार (9 अप्रैल, 2026) 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, दरभंगा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बांका और जमुई जैसे इलाकों में तेज हवा के साथ बिजली चमकने का खतरा बना हुआ है। विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और उत्तर-पश्चिमी चक्रवातीय सिस्टम के प्रभाव से यह मौसमीय बदलाव देखने को मिल रहा है।

इस बदलाव का असर राजधानी पटना समेत कई जिलों में तापमान पर भी पड़ेगा। अनुमान है कि तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, 10 अप्रैल के बाद मौसम के फिर से सामान्य होने की संभावना जताई गई है।

बुधवार को राज्य में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। कैमूर (भभुआ) में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं पटना में दोपहर बाद हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। पटना का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, सबसे अधिक वर्षा औरंगाबाद के कुटुंबा में 2.6 मिमी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कई जगहों पर तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static