Bihar Weather Alert : हो जाएं सावधान! बिहार में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी, चलेंगी तेज हवाएं ; IMD का ऑरेंज अलर्ट जारी
Monday, Apr 06, 2026-01:26 PM (IST)
Bihar Weather Alert : बिहार में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है, जिससे लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत मिली है। रविवार को राजधानी पटना सहित गया और नवादा में हुई हल्की बारिश और बूंदाबांदी ने तापमान को थोड़ा नीचे गिराया। इसके बाद मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि सोमवार, 6 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
इन जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी
मौसम विभाग ने बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी ओलावृष्टि और तेज आंधी की आशंका जताई गई है। वहीं पटना सहित 26 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ प्रभावी है। इनमें पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, गया, भागलपुर और पूर्णिया शामिल हैं। इन जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी और मेघ गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर इमारतों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, ट्रफ लाइन के प्रभाव से राज्य में नमी बढ़ रही है, जिससे अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। अधिकांश जिलों 34 से 35 डिग्री के बीच तापमान रहने का पूर्वानुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यह बदलाव एक सक्रिय ट्रफ लाइन और नमी के प्रभाव के कारण हो रहा है, जिसका असर अगले कुछ दिनों तक देखने को मिलेगा। इस स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है, खासकर किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वालों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि तेज हवाओं और ओलों से फसलों और कच्चे घरों को नुकसान पहुंच सकता है।

