Weather Alert : शीतलहर के बाद अब बारिश की मार, यहां येलो अलर्ट जारी, जानें मौसम विभाग का नया अपडेट
Thursday, Jan 29, 2026-10:35 AM (IST)
Weather Alert : बिहार के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने से ठंड का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने आज भी बिहार के 5 जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है।
5 जिलों में बारिश की चेतावनी
IMD द्वारा जारी येलो अलर्ट के तहत गोपालगंज, सीवान, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और छपरा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। दिन के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहेगा, लेकिन शाम होते ही ठंड बढ़ने की संभावना है।
कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
आज यानी 29 जनवरी से बिहार के कई हिस्सों में कोहरा और गहराने की संभावना है। अलर्ट वाले जिलों में शामिल हैं पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, पटना और बेगूसराय। विभाग के अनुसार यह स्थिति अगले 2 से 3 दिनों तक बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर वाहन चालकों को कोहरे और फिसलन से सावधान रहने को कहा गया है।
भागलपुर रहा सबसे ठंडा, गयाजी में विजिबिलिटी कम
पिछले 24 घंटों के दौरान भागलपुर का सबौर 7.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। वहीं गयाजी में घने कोहरे के कारण न्यूनतम दृश्यता 100 मीटर तक रही, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। राज्य में आज अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक गिर सकता है।

