Bihar Weather Update: 18 मार्च तक कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी
Saturday, Mar 14, 2026-10:56 PM (IST)
Bihar Weather Update: बिहार में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले चार दिनों तक बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 से 18 मार्च के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है। हाल के दिनों में कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। कई क्षेत्रों में धूप कम दिखाई दे रही है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और अस्थिर बना हुआ है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को राज्य के कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। जिन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है उनमें शामिल हैं: पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, सीवान, सारण, वैशाली, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
16 मार्च को और तेज हो सकता है असर
मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 16 मार्च को पूरे राज्य में मौसम का प्रभाव और बढ़ सकता है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम बदलने की वजह
विशेषज्ञों के अनुसार बिहार में यह मौसम परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के कारण हो रहा है। इन दोनों मौसमीय प्रणालियों के असर से राज्य में बादल छाने, बारिश और आंधी की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और विशेष रूप से खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

