गुजरात के सूरत में दर्दनाक हादसा: ईटीपी टैंक में उतरे बिहार के 3 मजदूरों की दम घुटने से दर्दनाक मौत
Saturday, Mar 07, 2026-04:51 PM (IST)
Bihar/Gujarat: गुजरात के सूरत में एक डाइंग मिल में जहरीली गैस के कारण बड़ा हादसा हो गया। टैंक की सफाई के लिए उतरे बिहार के तीन मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है।
तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत
गुजरात के सूरत शहर के पांडेसरा इंडस्ट्रियल एरिया में एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा सामने आया है। यहां पारस प्रिंट प्राइवेट लिमिटेड नाम की डाइंग मिल में टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से बीमार हो गया। पुलिस के मुताबिक मजदूरों को एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) के अंडरग्राउंड टैंक की सफाई के लिए नीचे उतारा गया था। इसी दौरान टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण उनका दम घुटने लगा। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
काम की तलाश में सूरत आए थे मजदूर
मृतकों की पहचान 23 वर्षीय सोनू पासवान, 19 वर्षीय दिलीप पासवान और 23 वर्षीय संदीप पासवान के रूप में हुई है। वहीं महेंद्र पासवान नाम का एक मजदूर गंभीर रूप से बीमार हो गया, जिसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मजदूर बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं और काम की तलाश में सूरत आए थे। पुलिस इंस्पेक्टर जेआर चौधरी के अनुसार यह घटना 5 मार्च की रात को हुई थी, लेकिन इसकी जानकारी पुलिस को अगले दिन दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस जमा हो गई थी, जिसकी वजह से मजदूरों का दम घुट गया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मजदूरों को टैंक में उतारते समय जरूरी सुरक्षा उपकरण दिए गए थे या नहीं। इस हादसे के बाद एक बार फिर उद्योगों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

