दर्दनाक हादसा! 11 हजार वोल्ट के तार से लगी भीषण आग; झुलसने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत
Thursday, Mar 05, 2026-04:26 PM (IST)
Bihar News : बिहार में मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड के लबघरिया गांव के वार्ड संख्या-10 में बुधवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में पिता- पुत्र की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, 11 हजार वोल्ट के ट्रांसफार्मर से सटे बिजली के मोटे तार में शॉर्ट सकिर्ट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे गांव में अफरा- तफरी मच गई। इस हादसे में बलराम कुमार (15) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता इंद्रदेव मुनि (42) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बलराम की 12 वर्षीय बहन किरण कुमारी भी इस घटना में घायल हो गई है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, डायल-112 की टीम और फुलौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक तीनों घर और उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

