नेशनल हाइवे पर भीषण हादसे ने बुझाये 2 घरों के चिराग, काल बनकर आया हाइवा; सड़क पर बिछी लाशें...मची चीख-पुकार

Tuesday, Apr 14, 2026-10:51 AM (IST)

Bihar Road Accident : बिहार के लखीसराय में एक भयानक सड़क हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। एनएच-80 पर एक तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनुपुर गांव के पास की है। मृतकों की पहचान दिलीप शर्मा और दीपक कुमार के रूप में हुई है। दोनों युवक आपस में रिश्तेदार थे। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम दोनों बेगूसराय जिले के शाम्हो थाना क्षेत्र के झगराहा गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। रतनुपुर गांव के पास पीछे से आ रहे गिट्टी लदे हाइवा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक हाइवा को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। मौके पर जुटी भीड़ ने एनएच-80 को पूरी तरह जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस को सूचना देने के करीब 40 मिनट बाद टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूर्यगढ़ा थाना अध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल हाइवा को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static