बिहार के मजदूर की मुंबई में हत्या, शव गांव पहुंचते ही लोगों ने हाइवे किया जाम
Thursday, Apr 02, 2026-04:21 PM (IST)
Bihar News : बिहार के शिवहर जिले से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब मुंबई में हत्या का शिकार हुए युवक का शव गांव पहुंचा। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर शिवहर-मुजफ्फरपुर स्टेट हाईवे को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला तरियानी थाना क्षेत्र का है। तीन दिन पहले मुंबई में बैद्यनाथपुर गांव के रहने वाले तीन सगे भाई—धीरज ठाकुर, नीरज ठाकुर और सूरज ठाकुर पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में धीरज ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है।
गुरुवार सुबह जैसे ही धीरज ठाकुर का शव गांव पहुंचा, परिजनों का दुख आक्रोश में बदल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और खाजेपुर पुल के पास शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मृतक के पिता अवधेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि खाजेपुर निवासी मुकेश नामक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते सुपारी देकर उनके बेटे की हत्या करवाई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
चूंकि हत्या की वारदात मुंबई में हुई है, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई वहीं की पुलिस करेगी। घटना के बाद भाई नीरज कुमार ठाकुर ने मुंबई के शाहुनगर ठाणे पुलिस स्टेशन में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। फिलहाल ठाणे पुलिस जांच में जुटी हुई है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर स्थिति को नियंत्रित करने और जाम हटवाने के प्रयास पुलिस द्वारा लगातार जारी हैं।

