भयानक हादसे ने बुझाए तीन घरों के चिराग, कार और बाइक की भीषण टक्कर...सड़क पर बिखरी लाशें, मची चीख-पुकार
Saturday, Apr 04, 2026-11:37 AM (IST)
Bihar Road Accident : बिहार के बांका जिले से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही जान चली गई।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह तारापुर-देवघर मुख्य मार्ग पर स्थित जिलेबिया मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच सीधी टक्कर हो गई। झारखंड के गढ़वा जिले के रहने वाले कुछ श्रद्धालु सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ धाम में गंगा स्नान करने के बाद कार से देवघर पूजा करने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार कावरिया पथ पर जिलेबिया मोड़ के समीप पहुँची, सामने से आ रही एक बाइक से उसकी भीषण भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 फीट नीचे जंगल में जा गिरी।
सभी मृतक एक ही गांव के निवासी
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों व्यक्ति बांका जिले के फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के बनरझोप गांव के निवासी थे। मृतकों की पहचान रुपेश कुमार साह (28), सुरेंद्र साह (46) और बालेश्वर साह (59) के रूप में हुई है। वहीं, कार में सवार घायलों में झारखंड के गढ़वा निवासी पुष्पा कुमारी, प्रिया कुमारी, प्रवीन कुमार गुप्ता और खुशबू कुमारी के तौर पर की गई है। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ से दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और मोड़ पर लापरवाही माना जा रहा है। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत की खबर मिलते ही बनरझोप गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।

