दर्दनाक हादसा! ऑटोरिक्शा और मोटरसाइकिल की टक्कर में युवक ने गंवाई जान, 2 घायल
Monday, Mar 02, 2026-12:43 PM (IST)
Bihar Road Accident News : बिहार में भागलपुर जिले में ऑटोरिक्शा और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। वहीं हादसे की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि गोराडीह भागलपुर मार्ग पर रविवार की देर रात ऑटोरिक्शा और मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृत युवक की पहचान मो.मुमताज (18 वर्ष) के रुप में की गयी है और वह इस क्षेत्र के पिथना गांव का रहने वाला था।
हादसे के समय मो. मुमताज अपने दो साथियों के साथ रविवार की देर रात को मोटरसाइकिल से गरोहतिया गांव की ओर जा रहा था, तभी सामने से तेज रफ्तार से आये एक ऑटोरिक्शा ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
सूत्रों ने बताया कि घायल युवकों को ग्रामीणों के सहयोग से भागलपुर के जवाहरलाल नेहरु मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है । ग्रामीणों ने ऑटोरिक्शा के चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूत्रों ने बताया कि इस सिलसिले में पुलिस ने चालक के विरुद्ध एक प्राथमिकी दर्ज कर ऑटोरिक्शा को अपने कब्जे में लेने के बाद शव को पोस्टमाटर्म के लिए अस्पताल भेज दिया है।

