मुजफ्फरपुर में 2 लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 1 की मौत... दूसरा घायल; दहला पूरा इलाका
Friday, Apr 03, 2026-10:45 AM (IST)
मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से सनसनीखेज वारदात की बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां दिनदहाड़े हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहला दिया है। बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दो लोगों को निशाना बनाया, जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
मिली जानकारी के अनुसार, जानकारी के अनुसार, यह घटना मीनापुर थाना क्षेत्र के लौतन चौक स्थित विषहर स्थान के पास की है। मृतक की पहचान गागी छपरा गांव निवासी 55 वर्षीय दीप लाल साह के रूप में हुई है। बता दें कि दीप लाल साह मानसिक रुप से अस्वस्थ थे। वहीं, गोली लगने से घायल दूसरे व्यक्ति की पहचान 60 वर्षीय भोला सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे और उनकी संख्या दो से तीन बताई जा रही है।
वारदात की सूचना मिलते ही मीनापुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के कई खोखे बरामद किए हैं। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों का पता लगाया जा सके। हालांकि अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका। मीनापुर थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस वारदात की गंभीरता से जांच कर रही है।

