दरिंदगी की इंतहा! गर्लफ्रेंड को 2 लाख में मक्का कारोबारी को बेचा, फिर 13 महीने तक जो हुआ...जानकर कांप जाएगी रूह

Sunday, Apr 05, 2026-02:41 PM (IST)

Purnia News : बिहार के पूर्णिया जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने प्रेम और विश्वास के रिश्तों पर गहरा आघात किया है। जिस युवक पर भरोसा कर एक युवती ने अपना घर और सुनहरे भविष्य के सपने छोड़ दिए, उसी 'प्रेमी' ने उसे महज दो लाख रुपये की खातिर एक कारोबारी के हाथों नीलाम कर दिया। पिछले 13 महीनों से एक अंधेरे कमरे में कैद और दरिंदगी का शिकार हो रही युवती को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। 

शादी का झांसा और धोखे का जाल 

घटना की पटकथा करीब 14 महीने पहले लिखी गई थी। पीड़िता को नूर नामक युवक से प्रेम हो गया था। नूर ने शादी का वादा कर युवती को घर से भागने के लिए उकसाया। अपने माता-पिता की ममता को ठुकराकर युवती नूर के साथ निकल तो गई, लेकिन उसे भनक तक नहीं थी कि उसका हमसफर असल में एक मानव तस्कर है। नूर उसे लेकर गुलाब बाग के गुंडा चौक पहुंचा, जहां उसने क्षेत्र के रसूखदार मक्का व्यवसायी प्रहलाद कुमार जायसवाल से ₹2,00,000 का सौदा कर उसे बेच दिया। 

13 महीने का नरक: बंधक, मारपीट और दुष्कर्म 

कारोबारी प्रहलाद जायसवाल ने युवती को अपने घर के एक बंद कमरे में जानवरों की तरह कैद कर दिया। पीड़िता ने पुलिस  को अपनी जो आपबीती सुनाई, वह रूह कंपा देने वाली है। पीड़िता के अनुसार, 13 महीनों तक उसे न तो कमरे से बाहर निकलने दिया गया और न ही खिड़की से झांकने की इजाजत थी। आरोपी व्यवसायी उसके साथ लगातार मारपीट और जबरन दुष्कर्म करता रहा। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जाती थी। 

यह भी पढ़ें- “पति नहीं रहा, भतीजा रखता है बुरी नजर”...डिप्टी सीएम के सामने फफक-फफक कर रोई बेबस महिला; लगाई न्याय की गुहार

एक इत्तेफाक ने बचाई जान 

लड़की की किस्मत तब पलटी जब एक दिन उसे मौका पाकर छत पर जाने का अवसर मिला। संयोगवश वहां से उसका एक रिश्तेदार गुजर रहा था। युवती ने जान की बाजी लगाकर शोर मचाया और उनका ध्यान अपनी ओर खींचा। रिश्तेदार ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। चूंकि भवानीपुर थाने में पहले से ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी, पुलिस अधिकारी स्वीटी सहरावत ने बिना देरी किए दलबल के साथ छापेमारी की और युवती को नरक से बाहर निकाला। 

पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी 

पुलिस ने मक्का व्यवसायी प्रहलाद कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि, इस घिनौने सौदे का मुख्य सूत्रधार और कथित प्रेमी नूर अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस की विशेष टीमें उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static