Bihar Weather Update: बिहार में चुभती-जलती गर्मी से फिलहाल राहत नहीं ! 10 जिलों में हीट वेव का अलर्ट
Friday, Jun 02, 2023-12:58 PM (IST)

पटना: बिहार में लू का प्रकोप जारी है। आज यानी शुक्रवार को भी मौसम विभाग ने 10 जिलों में हीट वेव का येलो अलर्ट (Bihar Weather Update) जारी किया है। अगले 3 से 4 दिनों तक राज्य में लू की स्थिति बने रहने की संभावना है।
सबसे गर्म शहर रहा खगड़िया
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 4 जून तक राज्य के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। वहीं, गुरुवार को सबसे गर्म जिला खगड़िया रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही राज्य के 20 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के पूर्व-मध्य हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन की स्थिति बनी हुई है। इसके साथ ही एक ट्रफ लाइन पूर्वी बिहार तक फैली है, जिसके कारण बिहार में हीट वेव की स्थिति बनी हुई है।
पटना में 40.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा
शेखपुरा जिले में गुरुवार को पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना और बांका का पारा 40.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया में 40.8 डिग्री सेल्सियस, नवादा में 40.8 डिग्री सेल्सियस, जमुई में 40.7 और औरंगाबाद का 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी पटना की बात करें तो यहां गुरुवार को पारा 40.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके साथ ही बांका में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस और कटिहार में 40 डिग्री दर्ज किया गया। इधर, मौसम विभाग विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप के दौरान बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकले।
अगले 4 दिनों तक शुष्क बना रहेगा मौसम
वैज्ञानिकों की मानें तो अगले 4 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इससे कई स्थानों पर भीषण गर्मी के साथ लू चलने की संभावना है। बता दें कि राज्य में भीषण गर्मी से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जिस तरह से पारा ऊपर जा रहा उससे हाल के समय में राहत के आसार नहीं हैं।