लालू के आरक्षण वाले बयान पर सियासत तेज, गिरिराज सिंह बोले- अब तो मुसलमानों को अल्पसंख्यक के दर्जे से हटा देने की जरूरत
5/8/2024 2:52:58 PM
पटनाः केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) और कांग्रेस (Congress) पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पिछड़ों का हक छीनने का काम किया...लालू जी कह रहे हैं कि मुसलमानों को आरक्षण मिलना चाहिए।
'देश को बर्बाद करना चाहती हैं कांग्रेस'
गिरिराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने सारे मुसलमानों को ओबीसी का दर्जा दे दिया है। ये देश के हिंदुओं को कबूल नहीं है... अब तो देश में मुसलमानों को अल्पसंख्यक के दर्जे से हटा देने की जरूरत है। वहीं, इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में लोग चीनी जैसे दिखते हैं, दक्षिण में अफ्रीकी जैसे दिखते हैं। इस पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि सैम पित्रोदा राहुल गांधी के गुरु हैं। कभी वह गाली देते हैं तो कभी उत्तर भारत और दक्षिण भारत को बांटते हैं। अगर सैम पित्रोदा ने ऐसा कुछ कहा है तो राहुल गांधी और सोनिया गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। वे देश को बर्बाद करना चाहते हैं।
बता दें कि राजद चीफ लालू यादव ने कहा था कि मुसलमानों को पूरा आरक्षण मिलना चाहिए। वहीं, लालू यादव के बयान पर पीएम मोदी ने मध्यप्रदेश के धार में चुनावी सभा के दौरान पलटवार किया और कहा था कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने अपनी बहुत खतरनाक साजिश पर खुद ही मुहर लगा दी है। इतने दिनों से मैं देश से कह रहा था कि कांग्रेस और उसके साथी बहुत खतरनाक खेल में लगे हैं, आज इंडिया गठबंधन के सबसे बड़े नेता ने इससे पर्दा भी उठा दिया है। ये बिहार में अभी-अभी जेल से बाहर आए हैं। लालू यादव ने मीडिया के सामने साफ कहा है कि INDI गठबंधन की सरकार आई तो देश में मुसलमानों को आरक्षण देंगे और पूरा का पूरा देंगे। INDI गठबंधन का कहना है कि ये पूरा का पूरा आरक्षण छीनकर मुसलमानों को देंगे।