एक वंदे भारत और 1 अमृत भारत...15 सितंबर को PM मोदी बिहार को देंगे बड़ी सौगात; जानें रूट, शेड्यूल और सबकुछ
Sunday, Sep 14, 2025-10:39 AM (IST)

Vande Bharat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) 15 सितंबर को अपने पूर्णिया आगमन के दौरान समस्तीपुर रेल मंडल को दो प्रमुख ट्रेन वंदे भारत और अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात देगें। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अन्नया स्मृति ने यहां बताया कि प्रधानमंत्री सहरसा- छेहरटा (अमृतसर) अमृत भारत और दानापुर- जोगबनी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का 15 सितंबर को हरी झंडी दिखाकर पूर्णिया से शुभारंभ करेंगे। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन के चालू होने से सीमांचल, कोसी और उत्तर बिहार के यात्रियों को लंबी दूरी के सफर में सहूलियत होगी।
प्रधानमंत्री की ओर से 15 सितंबर को शुरू किये जाने वाले बिहार के दानापुर (पटना) और जोगबनी (अररिया) के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित परिचालन 17 सितंबर से होगा। दानापुर से यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। वहीं, जोगबनी से हर बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन इसका संचालन होगा। इसका पूरा टाइम टेबल जारी कर दिया गया है। यह बिहार की पहली ऐसी वंदे भारत ट्रेन है जिसे सिर्फ प्रदेश के अंदर ही चलाया जाएगा।
जानें टाइम टेबल
रेलवे टाइम टेबुल के अनुसार, 26302 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दानापुर से शाम 5.10 बजे खुलकर शाम 6.05 बजे हाजीपुर, 6.50 बजे मुजफ्फरपुर, 7.43 बजे समस्तीपुर, रात 8.23 बजे हसनपुर रोड, 08.38 बजे सलौना, 9 बजे खगड़िया, 09.55 बजे सहरसा, 10.23 बजे दौरम मधेपुरा, रात 11 बजे बनमनखी, 11.40 बजे पूर्णिया होते हुये आधी रात को 12.18 बजे अररिया कोर्ट, 12.48 बजे फारबिसगंज और 1.20 बजे जोगबनी पहुंचेगी। वहीं 26301 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जोगबनी से अहले सुबह 03.25 बजे खुलकर 03.35 बजे फारबिसगंज, सुबह 4 बजे अररिया कोर्ट , 4.50 बजे पूर्णिया, 5.26 बजे बनमनखी, 5.53 बजे दौरम मधेपुरा, 6.20 बजे सहरसा, 7.13 बजे खगड़िया, 7.33 बजे सलौना, 7.48 बजे हसनपुर रोड, 8.23 बजे समस्तीपुर, 9.00 बजे मुजफ्फरपुर, 9.45 बजे हाजीपुर रुकते हुए सुबह 11.30 बजे दानापुर स्टेशन पहुंचेगी।