Bihar Politics: भागलपुर में लालू परिवार पर जमकर बरसे CM नीतीश, कहा- पति-पत्नी के शासन में बिहार था बदहाल

4/20/2024 11:26:08 AM

भागलपुर (अंजनी कुमार कश्यप): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने शुक्रवार को भागलपुर जिले के रंगरा प्रखंड के तिनटंगा में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस (Congress) और लालू परिवार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पूर्व 15 वर्ष तक पति-पत्नी ने मिलकर राज किया था। उन लोगों के कार्यकाल में शाम होते ही लोग घर में कैद हो जाते थे।

'हमलोगों ने बिहार के विकास के लिए किया काम' 
सीएम ने कहा कि उस समय कहीं रोड नहीं था। न सड़क थी और ना ही शिक्षा और ना स्वास्थ्य व्यवस्था की हालत सही थी। उन्होंने कहा कि हमलोगों ने बिहार के विकास के लिए काम किया है। कुछ लोग पत्नी, बेटा, बेटी को आगे बढ़ा रहे हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि वे लोग गड़बड़ कर रहे थे, इसलिए उन लोगों को हटा दिया। नीतीश कुमार ने कहा कि सबसे पहले शिक्षा के क्षेत्र में हमने कार्य किया। छात्राओं को पोशाक तथा स्कूल जाने के लिए साइकिल दिया गया। उसके बाद सड़कों का निर्माण किया। महिलाओं को स्नातक पास करने पर सरकार की ओर से 50 हजार रुपए दिए जाते हैं। पंचायत चुनाव एवं नगर निकाय चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। शिक्षक व पुलिस की नौकरी में भी आरक्षण दिया गया। 

नीतीश ने 1989 के दंगे का जिक्र करके कांग्रेस को घेरा
नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में भागलपुर दंगे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भागलपुर का दंगा आप सभी को याद होगा। 1989 में दंगा हुआ था। उसमें अल्पसंख्यकों की क्या हालत हुई थी? दंगा की जांच करवाकर दोषियों को सजा दिलवाई गई। प्रत्येक पीड़ित परिवार को पांच हजार रुपए महीना दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मदरसों को सरकारी किया गया। कब्रिस्तान की घेराबंदी भी की। सीएम ने कहा कि अब एक लाख कब्रिस्तान की और घेराबंदी की जाएगी। साथ ही 60 वर्ष पुराने मंदिर का जीर्णोद्धार भी किया जाएगा। बता दें कि नीतीश कुमार जदयू के निवर्तमान सांसद अजय मंडल के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए भागलपुर आए थे। इस दौरान  उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा को वोट ना देकर जदयू के अजय मंडल को वोट देने की अपील की। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Recommended News

Related News

static