Nitish Kumar News: '...इनके पति को जेल हुई तो मैंने ही इन्हें मुख्यमंत्री बनवाया', राबड़ी देवी पर भड़के CM नीतीश कुमार
Saturday, Mar 08, 2025-12:35 PM (IST)

Bihar Vidhan Parishad Session: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने विधान परिषद (Vidhan Parishad) सदस्य एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी (Rabri Devi) की ओर इशारा करते हुए कहा कि इनके पति को जेल हुई तो उन्होंने ही इन्हें (राबड़ी देवी) मुख्यमंत्री बनवाया था।
जब इनके पति जेल चले गए तो...- Nitish Kumar
नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने शुक्रवार को विधान परिषद (Bihar Vidhan Parishad Session) में भोजनावकाश के पहले की बैठक के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की विधान परिषद सदस्य उर्मिला ठाकुर (Urmila Thakur) के महिलाओं के मुद्दे से संबंधित सवाल के बीच हस्तक्षेप करते हुए कहा कि विपक्ष को कुछ भी नहीं पता है और महिलाओं के उत्थान के लिए उसने कुछ भी नहीं किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने महिला कल्याण के लिए बहुत कुछ किया है। मुख्यमंत्री ने राबड़ी देवी (Rabri Devi) की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘जब इनके पति (Lalu Prasad Yadav) जेल चले गए तो मैंने ही इन्हें (राबड़ी देवी) मुख्यमंत्री बनवाया था।''
Nitish Kumar ने राजद पर लगाया ये आरोप
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने राजद (RJD) पर महिलाओं के हित में कुछ भी नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं लागू की हैं जबकि पिछली सरकारों ने इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की। पहले केवल कुछ लड़कियां ही प्राथमिक स्तर तक शिक्षा प्राप्त कर पाती थीं लेकिन उनकी सरकार के प्रयासों से अब महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है। इस दौरान नीतीश कुमार ने शिक्षा मंत्री सुनील कुमार सिंह (Education Minister Sunil Kumar Singh) को निर्देश दिया कि वे विपक्ष को इस विषय पर उचित जवाब दें और सरकार द्वारा महिला कल्याण के लिए उठाए गए कदमों को स्पष्ट करें। बाद में मुख्यमंत्री के इस बयान पर आपत्ति जताते हुए राजद विधान पार्षद सुनील कुमार ने विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह से अनुरोध किया कि इसे सदन की कार्यवाही से हटाया जाए। हालांकि, सभापति ने इस अनुरोध को अस्वीकार कर दिया।