साथ जिए, साथ मरे...! पति की मौत के बाद पत्नी ने भी दुनिया को कहा अलविदा, एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार
Sunday, Apr 27, 2025-05:45 PM (IST)

Muzaffarpur News: आपको हिंदी फिल्म के एक गाने की लाइन याद होगी, जिसमें अनिल कपूर और पूनम ढिल्लो गाना गाते हैं - "साथ जियेंगे साथ मरेंगे...कुछ ऐसा ही बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में देखने को मिला है। जहां एक बुजुर्ग दंपति ने जीवन भर साथ निभाने की कसम को अंतिम सांस तक निभाया। दरअसल, पति की मृत्यु के कुछ देर बाद ही पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। पति-पत्नी की अर्थी एक साथ उठी और दोनों की चिता भी एक साथ जलाई गई।
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के किशुनपुर मधुवन गांव का है। मधुवन गांव निवासी कैलाश बैठा (55) और उनकी पत्नी गुजरी देवी (50) ने एक साथ जीने-मरने की कसम को जीवन के अंतिम सफर तक निभाया है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर रात कैलाश बैठा की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति के निधन की खबर सुनते ही गुजरी देवी ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन की खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
वहीं, इसके बाद दोनों की अंतिम यात्रा साथ निकली। एक ही चिता पर पति-पत्नी का अंतिम संस्कार किया गया, जिसने हर किसी की आंख को नम कर दिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल पैदा कर दिया है।