"विपक्ष समझ चुका कि वे बुरी तरह से चुनाव हार रहे हैं", मरांडी बोले- इस बार झारखंड से उनकी विदाई तय

4/15/2024 2:34:03 PM

लोहरदगा: लोहरदगा में बीते रविवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में झारखंड में सभी 14 सीटें भाजपा गठबंधन के खाते में जाएगी। मरांडी ने कहा कि विपक्ष समझ चुका है कि वे चुनाव बुरी तरह से हार रहे हैं। जब लोग चुनाव हारने वाले होते हैं, तो इसी प्रकार से बौखलाहट में प्रतिक्रिया देते हैं। उन लोगों की इस बार झारखंड से विदाई होगी।

मरांडी ने हेमंत सोरेन के जेल जाने पर कहा कि जैसी करनी, वैसी भरनी। आप अपनी देखरेख में खनिज संपदा को लूटवा रहे हैं। बालू, कोयला, पत्थर, लोहा लूटा जा रहा है। यहां तक की जमीन को भी नहीं छोड़ रहे। जमीन का जाली कागजात बना कर उसकी भी खरीद-बिक्री की जा रही है। आप यदि उनको संरक्षण देंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करेंगे, तो उसके ऊपर की एजेंसी आपके ऊपर कार्रवाई की जाएगी।

चुनावी बॉन्ड को लेकर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 14 हजार करोड़ तो विपक्ष को ही मिला हुआ है। भाजपा ने हमेशा ही पारदर्शिता की बात कही है। आज यदि चुनावी बांड को लेकर हिसाब मिल रहा है, तो इसके पीछे भाजपा है। पीएम ने भी कहा है कि यदि कोई खामियां हैं, तो उसे सुधारा जाएगा। मरांडी ने कहा कि हमारी नियत में कोई खोट नहीं है। ललित नारायण स्टेडियम में बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को बस इतना काम करना है कि पिछली बार से दस प्रतिशत अधिक वोट लाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को आज से ही इसमें जुट जाना होगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Recommended News

Related News

static