"9 महीने में नौ कदम भी नहीं चली हेमंत सरकार", प्रतुल शाहदेव का हमला

Wednesday, Sep 24, 2025-11:52 AM (IST)

रांची: झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने हेमंत सोरेन सरकार पर रोजगार के मुद्दे पर बड़ा हमला बोला। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि रोजगार के मुद्दे पर हेमंत सरकार पार्ट टू पूरी तरह विफल साबित हुई है।

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि चुनाव के समय झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन ने जनता से वादा किया था कि 5 वर्षों में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। घोषणा पत्र में स्पष्ट लिखा था कि पहले 6 महीने में नियुक्तियों का रोड मैप भी जारी हो जाएगा, लेकिन आज स्थिति यह है कि यह वादा केवल कागजों और घोषणाओं तक सिमट कर रह गया है। शाहदेव ने कहा कि हेमंत सोरेन पार्ट टू में अब तक सरकार ने महज 1556 नियुक्ति पत्र ही बांटे हैं। इसमें भी अधिकांश नियुक्तियां शिक्षा विभाग (सहायक अध्यापक, लैब असिस्टेंट एवं नगर सेवा संवर्ग) आदि पदों पर हुई हैं। यानी 9 महीने बीत जाने के बावजूद कुल मिलाकर केवल लगभग 1556 नियुक्ति पत्र ही युवाओं को दिए गए हैं। प्रतिशत के आंकड़ों में यह आधा प्रतिशत भी नहीं होता है और सिर्फ 0.15त्न का आंकड़ा 9 महीने में पूरा होता दिख रहा है।

शाहदेव ने कहा कि यह आंकड़ा हेमंत सरकार के '10 लाख नौकरी' के वादे की तुलना में बेहद शर्मनाक और निराशाजनक है। शाहदेव ने कहा कि यही नहीं, पिछले कार्यकाल में भी हेमंत सोरेन ने 25 लाख नौकरियों का वादा किया था, लेकिन आज तक उस वादे का कोई ठोस हिसाब-किताब जनता को नहीं मिला। झारखंड लोक सेवा आयोग ने भी कई वर्षों की परीक्षाएं एक साथ ली थी। 342 अभ्यर्थियों को सफल भी घोषित किया गया, लेकिन किसी को भी नियुक्ति पत्र अभी तक नहीं मिला है। इसका स्पष्ट कारण सरकार भी नहीं बता रही है। शाहदेव ने कहा कि झारखंड के लाखों युवा रोजगार की आस में सरकार की ओर देख रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ जुमले और खोखली घोषणाएं ही मिल रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static