BJP के वरिष्ठ नेता प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, राज्यपाल संतोष गंगवार ने जताया दुख
Wednesday, Oct 01, 2025-10:53 AM (IST)

रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व सांसद प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
गंगवार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा, ‘वरिष्ठ राजनेता एवं पूर्व सांसद डॉ. विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने राजनीति, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ॐ शांति! ज्ञातव्य है कि प्रो. मल्होत्रा का बीते मंगलवार की सुबह दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वे 94 वर्ष के थे और कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका जन्म 3 दिसंबर 1931 को लाहौर (अब पाकिस्तान में) हुआ था।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने उनके निधन की जानकारी साझा करते हुए कहा कि उनका जीवन सादगी, सेवा और संगठन के प्रति समर्पण की मिसाल था। प्रो. मल्होत्रा जनसंघ के दौर से ही सक्रिय राजनीति में जुड़े रहे और दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष बने। वे लंबे समय तक सांसद और दिल्ली नगर निगम में मुख्य कार्यकारी पार्षद भी रहे। पार्टी में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।