रघुवर दास कैबिनेट के 5 पूर्व मंत्रियों को राहत, आय से अधिक संपत्ति जांच के लिए दायर जनहित याचिका खारिज
Monday, Mar 17, 2025-06:06 PM (IST)

रांची: झारखंड उच्च न्यायालय ने रघुवर सरकार के पांच पूर्व मंत्रियों की आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच को लेकर दायर जनहित याचिका को खारिज कर दिया।
मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने इस मामले में दायर पंकज यादव की याचिका को खारिज कर दिया। ज्ञातव्य है कि वर्ष 2020 में सोशल एक्टिविस्ट पंकज कुमार यादव ने जनहित याचिका दायर कर पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी, नीरा यादव, नीलकंठ सिंह मुंडा, लुइस मरांडी और रणधीर सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति होने का आरोप लगाते हुए एसीबी से जांच की मांग की थी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जुलाई 2023 में कैबिनेट से पांचों पूर्व मंत्रियों के खिलाफ एसीबी जांच की स्वीकृति दी थी। इसके बाद एसीबी ने पूर्व मंत्रियों के खिलाफ जांच कर पंकज यादव की शिकायत को सत्य पाया था।
एसीबी ने इस मामले में पीई दर्ज कर पूर्व मंत्रियों को तथा शिकायतकर्ता को नोटिस भी भेजा था। जनहित याचिका खारिज होने से उक्त पांच लोगों को बड़ी राहत मिली है। लुईस मरांडी फिलहाल झारखंड मुक्ति मोर्चा की विधायक हैं।