आज चाईबासा MP-MLA कोर्ट में पेश होंगे राहुल गांधी, जानिए क्या है मामला
Wednesday, Aug 06, 2025-08:35 AM (IST)

चाईबासा: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी वर्ष 2018 में एक रैली के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी से जुड़े एक मामले में आज यानी बुधवार को झारखंड के चाईबासा स्थित सांसद-विधायक (एमपी-एमएलए) अदालत में पेश होंगे।
पहले 26 जून को पेश होने का था आदेश
बता दें कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए झारखंड पहुंचे । राहुल गांधी मंगलवार रात रांची में ही रूके और बुधवार यानी आज चाईबासा जाकर अदालत में पेश होंगे। इसके बाद वह रांची लौटकर दिल्ली के लिए रवाना होंगे। गांधी ने दो जून को झारखंड उच्च न्यायालय में विशेष अदालत के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें 26 जून को पेश होने का निर्देश दिया गया था। कांग्रेस सांसद के वकील ने 10 जून को उच्च न्यायालय को सूचित किया था कि उनके मुवक्किल निर्धारित दिन पर पेश नहीं हो पाएंगे और इसके बजाय उन्होंने छह अगस्त की अगली तारीख देने का अनुरोध किया था। उच्च न्यायालय ने उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया था।
2018 में भाजपा नेताओं के खिलाफ दिए थे मानहानिपूर्ण बयान
जानकारी हो कि गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला प्रताप कुमार नामक व्यक्ति द्वारा दायर किया गया, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उन्होंने 2018 में चाईबासा में आयोजित एक रैली के दौरान भाजपा नेताओं के खिलाफ मानहानिपूर्ण बयान दिए थे।