Monsoon Session: आज मानसून सत्र का दूसरा दिन, पेश किया जाएगा अनुपूरक बजट; सदन में नहीं रहेंगे CM हेमंत सोरेन!
Monday, Aug 04, 2025-11:03 AM (IST)

Monsoon Session of Jharkhand Assembly: झारखंड विधानसभा मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। सत्र 1 अगस्त को शुरू हुआ था। 2 दिनों के अवकाश के बाद आज फिर से मानसून सत्र शुरू किया जायेगा।
वित्त मंत्री करीब 4 हजार करोड़ का बजट पेश करेंगे
आज यानी मानसून सत्र के दूसरे दिन वर्तमान वित्तीय वर्ष का पहला अनुपूरक बजट पेश किया जायेगा। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर करीब 4 हजार करोड़ का बजट पेश करेंगे। इसमें योजना मद में तीन हजार करोड़ और गैर योजना मद में एक हजार करोड़ का प्रावधान होने की संभावना है। अनुपूरक बजट की तैयारी को लेकर वित्त मंत्री ने बीते रविवार को अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की थी। इसके अलावा विधानसभा में पक्ष- विपक्ष के बीच हंगामा होने की भी आशंका जताई जा रही है।
सदन में शिक्षा विभाग से जुड़े सवालों का जवाब देंगे मंत्री सुदिव्य
वहीं, आज दिशोम गुरु शिबू सोरेन का निधन हो गया है। इसके चलते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सदन में अनुपस्थित रह सकते हैं। उधर, शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन भी दिल्ली में ही इलाजरत हैं जिसके बाद शिक्षा मंत्री के पद का प्रभार सुदिव्य कुमार दे दिया गया है। ऐसे में सदन में शिक्षा विभाग से जुड़े सवालों का जवाब मंत्री सुदिव्य देंगे।