गढ़वा नगर पंचायत चुनाव में सियासी घमासान, दो अध्यक्ष प्रत्याशी हुईं आमने सामने; आरोप-प्रत्यारोप का VIDEO तेजी से VIRAL

Monday, Feb 09, 2026-12:52 PM (IST)

Garhwa News: गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर पंचायत क्षेत्र में नगर निकाय चुनाव के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब अध्यक्ष पद की दो महिला प्रत्याशियों के बीच खुलेआम बहस हो गई। भ्रष्टाचार को लेकर हुई यह जुबानी जंग लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

चुनाव प्रचार के दौरान दो प्रत्याशियों में भिड़ंत
नगर पंचायत चुनाव को लेकर श्रीबंशीधर नगर की राजनीति पूरी तरह से गर्म हो चुकी है। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अपने-अपने चुनाव चिन्ह के साथ अलग-अलग वार्डों में जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं। इसी दौरान वार्ड संख्या 12 के सरेह टोला में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान प्रत्याशी विजयालक्ष्मी देवी तथा अध्यक्ष पद की दूसरी प्रत्याशी किरण देवी आमने-सामने आ गईं।

मौजूद लोगों के बीच माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया
जानकारी के अनुसार, किरण देवी अपने समर्थकों के साथ सरेह टोला में पहले से चुनाव प्रचार कर रही थीं। तभी विजयालक्ष्मी देवी भी वहां वोट मांगने पहुंच गईं। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई, लेकिन कुछ ही देर में यह बातचीत बहस और आरोप-प्रत्यारोप में बदल गई। प्रचार के दौरान विजयालक्ष्मी देवी ने स्थानीय लोगों से कहा कि उनके कार्यकाल में आवास और सड़क जैसी सुविधाएं दी गईं और वे विकास के नाम पर वोट मांग रही हैं। इसी बात पर किरण देवी ने उन पर घूस लेने का आरोप लगा दिया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों के बीच माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।

आरोप-प्रत्यारोप का VIDEO तेजी से VIRAL
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर पंचायत चुनाव की सियासत और तेज हो गई है। स्थानीय लोग इस खुले विवाद को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। फिलहाल इस मामले पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static