नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हादसा, तेज आंधी-तूफान में पेड़ गिरने से कोबरा जवान की मौत; कैंप में शोक की लहर

Wednesday, Apr 08, 2026-04:19 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत सारंडा क्षेत्र में स्थित बाबूडेरा सीआरपीएफ-कोबरा बटालियन कैंप में देर रात एक हादसे में कांस्टेबल राकेश कुमार की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच एक विशालकाय पेड़ अचानक कैंप परिसर में बने एक अस्थायी कमरे पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से कोबरा 210 बटालियन के कांस्टेबल राकेश कुमार की मौत हो गई।

यह घटना बीते मंगलवार देर रात लगभग एक बजे की है, जब इलाके में मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज हवा और बारिश के कारण कैंप परिसर में खड़ा एक बड़ा पेड़ जड़ से उखड़कर उस कमरे पर गिर गया, जहां कांस्टेबल राकेश कुमार मौजूद थे। पेड़ गिरने से कमरे का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर गहरी चोट आई थी। घटना के तुरंत बाद कैंप में मौजूद अन्य जवानों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायल राकेश कुमार को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी हालत गंभीर देखते हुए बुधवार सुबह उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

इस दुखद घटना के बाद पूरे कैंप और सुरक्षा बलों में शोक की लहर दौड़ गई है। अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण क्षेत्र में चल रहे अभियान पर असर पड़ रहा है, बावजूद इसके सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, शहीद जवान के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके पैतृक स्थान भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static