मां ने पैसों के लालच में दी बेटी की बलि! 14 साल की नाबालिग की 42 वर्षीय व्यक्ति से कराई शादी

Wednesday, Feb 04, 2026-03:46 PM (IST)

Palamu News: झारखंड के पलामू जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और मानव संवेदनाओं को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपनी 14 साल की नाबालिग बेटी की शादी 42 वर्षीय व्यक्ति से कर दी। मामला सामने आते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला जिले के नावाजयपुर थाना क्षेत्र का है। यहां एक महिला ने अपनी 14 वर्षीय नाबालिग बेटी की शादी बिश्रामपुर निवासी 42 वर्षीय प्रभाकर कुमार मिश्रा से करा दी। यह घटना करीब दो महीने पहले की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शादी के बाद आरोपी नाबालिग बच्ची को लेकर मेदिनीनगर के श्रीराम पथ इलाके में रह रहा था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी मां अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर फरार हो गई थी। वहीं, उसके पिता गुजरात के सूरत में मजदूरी करते थे। मां ने बच्ची को यह भी कहा था कि उसके पिता की मौत हो चुकी है। कुछ समय बाद जब पीड़िता के पिता गुजरात से वापस पलामू लौटे और बेटी से मिलने पहुंचे, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। बेटी को घर लाने के बाद उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बच्ची का रेस्क्यू किया और उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के संरक्षण में भेज दिया। वहीं, आरोपी प्रभाकर कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सदर थाना में पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static