तबीयत खराब होने पर अस्पताल में कराया भर्ती, डॉक्टर नहीं, स्टाफ ने किया इलाज; 6 साल की छात्रा ने तोड़ा दम

Saturday, Mar 28, 2026-11:35 AM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के पांकी क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां इलाज में लापरवाही के आरोपों के बीच एक 6 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। इस घटना ने न सिर्फ अस्पताल की कार्यप्रणाली बल्कि आवासीय स्कूलों की व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इलाज के दौरान छात्रा की मौत 
दरअसल, पांकी में एक 6 साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृत बच्ची का नाम अशरती कुमारी था, जो रतनपुर पंचायत के इरगू टोला तेतरखाड़ गांव की रहने वाली थी। वह पांकी-मेदिनीनगर रोड पर स्थित बसडीहा के एक आवासीय छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती थी। बताया जा रहा है कि बच्ची की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उसे पांकी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
बच्ची के शिक्षक का कहना है कि अस्पताल में उस समय कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था और केवल स्टाफ ही इलाज कर रहा था। वहीं अस्पताल के डॉक्टर डॉ. वीरेंद्र का आरोप है कि शिक्षक बच्ची को अस्पताल में छोड़कर चले गए थे। दोनों पक्षों के अलग-अलग बयानों से मामला संदिग्ध लग रहा है, जिसकी जांच की मांग की जा रही है। घटना के बाद बच्ची के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश 
इस घटना से स्थानीय लोगों में भी काफी गुस्सा है और वे निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। साथ ही, पांकी क्षेत्र के कई आवासीय स्कूलों की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि इन स्कूलों में बच्चों को न तो सही शिक्षा मिल रही है और न ही जरूरी सुविधाएं, जिससे उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य खतरे में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static