बच्ची को प्रसाद खिला कर जमीन पर सुलाया, सिर पर पत्थर से वार कर निकाला खून...तड़पती रही बेटी पर नहीं पसीजा मां का दिल

Thursday, Apr 02, 2026-11:34 AM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के हजारीबाग में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां मां ने बीमार बेटे को ठीक करने के लिए बेटी की बलि दे दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मां ने बीमार बेटे को ठीक करने के लिए दी बेटी की बलि
मामला जिले के विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के कुसुंबा गांव का है। बताया जा रहा है कि 13 साल की बच्ची 24 मार्च की रात को अपनी मां के साथ मंगला जुलूस देखने गई थी, जहां से वह अचानक लापता हो गई। अगले दिन सुबह गांव के स्कूल के पीछे उसका शव बरामद हुआ था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मां ने एक कथित भगताईन और अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक आरोपी मां पिछले एक वर्ष से अपने बेटे की बीमारी को लेकर भगताइन के संपर्क में थी। भगताइन ने उसे विश्वास दिलाया कि बेटे के ठीक होने के लिए कुंवारी लड़की की बलि देनी होगी। भगताइन ने कहा कि उसकी बेटी पर देवी का साया है, इसलिए उसकी बलि सबसे अच्छी होगी। बस फिर क्या था मां ने अपनी ही बेटी की हत्या की साजिश रची और रामनवमी के दिन अपनी बेटी की बलि दे दी।

तीनों आरोपी गिरफ्तार
मां अपनी बेटी को लेकर भगताइन के घर पहुंची, जहां पहले तंत्र-मंत्र और पूजा का आयोजन किया गया। बच्ची को प्रसाद खिलाने के बाद उसे जमीन पर सुला दिया गया। तांत्रिक के इशारे पर आरोपी पुरुष ने बच्ची का गला घोंट दिया, जबकि उसकी मां ने उसके पैर पकड़कर उसे तड़पने से रोका। मौत के बाद उसके सिर पर पत्थर से वार कर खून निकाला गया और उसे कथित पूजा में चढ़ाया गया। वहीं, पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static