कोडरमा में बड़ा हादसा: तेज रफ्तार यात्री बस पलटी, 11 घायल...3 की हालत गंभीर
Monday, Oct 06, 2025-05:24 PM (IST)

कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के सतगांवां थाना क्षेत्र के अंगार मोड़ पर आज सुबह एक यात्री बस पलट जाने से 11 यात्री घायल हो गए। घायलों में 3 की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बस तेज रफ्तार में जा रही थी। अंगार मोड़ पर तीखा घुमाव होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस पलट गई। यह बस सतगांवां से रांची के बीच चलने वाली सागर बस थी। हादसे में घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया गया। वहां से सभी घायल को बेहतर इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल रेफर किया गया। घायलों में कई छात्र भी शामिल हैं, जो हजारीबाग और रांची के शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाई करने जा रहे थे। घायल यात्रियों में सचिन कुमार (18), रानी देवी (41), ब्रह्मदेव यादव (62), अंकित कुमार (20), रामस्वरूप यादव (55), काजल कुमारी (18), राहुल प्रियदर्शी (25), राजेश कुमार (24) और ललिता कुमारी (29) शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसे में सतगावां थाना के एसआई अरविंद सिंह भी घायल हुए हैं। वे ट्रेनिंग के लिए इस बस से कोडरमा जा रहे थे। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। सतगावां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में पुलिस का पूरा सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस सामान्य से बहुत अधिक तेज गति में थी। अंगार मोड़ पर घुमाव तेज होने के बावजूद चालक ने गति नियंत्रित नहीं की, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। फिलहाल घायलों का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है और डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस भी जांच में जुटी है।