Mainiyan Samman Yojana: CM हेमंत ने रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के खाते में ट्रांसफर की पहली किस्त की राशि

Monday, Aug 19, 2024-01:08 PM (IST)

पाकुड़: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बीते रविवार यानी रक्षाबंधन से एक दिन पहले गायबथान महेशपुर, पाकुड़ में आयोजित “झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (JMMSY)” का शुभारंभ कर दिया है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत सीएम हेमंत सोरेन ने रिमोट का बटन दबाकर डीबीटी के माध्यम से जिले की 81 हजार से अधिक महिलाओं के खाते में पहली किस्त की राशि ट्रांसफर कर दी है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम हेमंत ने कहा कि राज्य की मेरी बहनों के खाते में सम्मान राशि पहुंचने लगी है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (JMMSY) के तहत हर बहन को हर साल 12 हजार मिलेंगे। यह क्षण हमारे राज्य के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित हो गया है।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि यहां की महिलाएं काफी मेहनती हैं। वे घर चलाती हैं और कमाई के लिए काम भी करती हैं। ऐसे में हमारी सरकार पहले से ही राज्य की महिलाओं और बहनों-बेटियों के लिए कई योजनाएं चला रही है। इसी क्रम में आज से झारखंड मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना नाम से एक और ऐतिहासिक कड़ी जुड़ रही है।

PunjabKesari

सीएम हेमंत ने कहा कि लड़कियों को सावित्रीबाई किशोरी समृद्धि योजना के तहत 40 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इस योजना से अब तक 9 लाख से ज्यादा लड़कियों को जोड़ा जा चुका है। वहीं 50 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को पेंशन योजना का लाभ भी दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत ने कहा कि “झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” प्रारंभ करने से पहले कई प्रकार की चुनौतियों को मद्देनजर रखते हुए कई बाधाओं को निपटाया गया। इस योजना के संचालन की एक-एक पहलुओं को ध्यान में रखकर अंततः आज नारी शक्ति से जुड़ी इस महत्वाकांक्षी योजना की विधिवत शुरुआत हुई है।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शुरुआती दिनों से ही हेड क्वार्टर से नहीं बल्कि गांव से चल रही है। जब गांव मजबूत होगा तभी सरकार मजबूत होगी इसी उद्देश्य के साथ कार्य किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के किसानों के उत्थान के लिए समर्पित है। राज्य सरकार ने अब निर्णय लिया है कि यहां के कृषकों द्वारा लिए गए कृषि ऋण के रूप में सिर्फ 50 हजार रुपए ही नहीं बल्कि 2 लाख रुपए तक की राशि माफ किया जाएगा।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में खेल एवं खिलाड़ियों के विकास को लेकर समर्पित भाव से काम किया है। राज्य के सरकारी स्कूलों में अध्यनरत छात्राओं को सावित्रीबाई फुले समृद्धि योजना का लाभ मिल रहा है। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मॉडल स्कूल का संचालन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत लोगों को अनुदानित दर पर ऋण उपलब्ध कराकर रोजगार से जोड़ने का काम निरंतर चल रहा है। खाद्य सुरक्षा योजना से आच्छादित सभी परिवारों को साल में दो बार वस्त्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static