Jharkhand Weather Update: झारखंड में बढ़ी गर्मी, चाईबासा सबसे गर्म; अगले एक हफ्ते तक बारिश नहीं
Monday, Jan 26, 2026-11:54 AM (IST)
Jharkhand Weather Update: झारखंड में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। सुबह के समय कई जिलों में हल्का कोहरा और धुंध देखने को मिली, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो गया। इस दौरान राज्य में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड के अधिकतम तापमान में 2.1 से 4.0 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है। कई जगहों पर तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज हुआ। मौसम में आए इस बदलाव का कारण ऊपरी हवा में बना चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है। इसके चलते ठंडी हवाओं का असर कम हो गया है और तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह के समय कई जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा या धुंध छा सकती है, जबकि दिन में आसमान ज्यादातर साफ रहेगा। उत्तरी झारखंड के कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। इसके बाद तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है।
जिलावार तापमान की बात करें तो उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, धनबाद, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उत्तर-पश्चिमी जिलों कोडरमा, चतरा, गढ़वा और पलामू में दिन का तापमान 29 से 30 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, गुमला और खूंटी में अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं दक्षिणी झारखंड के पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां राज्य के सबसे गर्म इलाके बने रहेंगे, जहां तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
रांची और आसपास के इलाकों में 25 से 29 जनवरी तक सुबह कोहरा या धुंध छाने के बाद दिन में आंशिक बादल या साफ आसमान रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग ने फिलहाल राज्य के किसी भी हिस्से के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि सुबह के समय कोहरे और दिन में बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

