सावधान! झारखंड में इस दिन गरज के साथ बारिश होने की संभावना, छाए रह सकते हैं आंशिक बादल; पढ़े ताजा अपडेट

Friday, Mar 06, 2026-12:22 PM (IST)

Jharkhand News: रांची समेत आसपास के जिलों में एक बार फिर मौसम बदलने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश और मेघगर्जन हो सकती है।

गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती
मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने गुरुवार को जारी पूर्वानुमान में बताया कि 7, 8 और 9 मार्च को राज्य के अलग-अलग इलाकों में मौसम का मिजाज बदल सकता है और कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 7 मार्च को राज्य के दक्षिणी हिस्सों जैसे पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां के कुछ इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, जामताड़ा और गिरिडीह में भी ऐसा ही मौसम रह सकता है।

तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी जिलों में यह स्थिति 8 मार्च को भी बनी रह सकती है। वहीं 9 मार्च को राज्य के मध्य हिस्सों जैसे रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, बोकारो, कोडरमा, लोहरदगा और धनबाद में भी आंशिक बादल और गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के मुताबिक 6 मार्च को राजधानी समेत पूरे राज्य में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। 6 और 7 मार्च तक अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि 8 से 10 मार्च के बीच तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को दी सलाह 
पिछले 24 घंटों की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में हल्की हवा चलने से मौसम सामान्य रहा, लेकिन शाम होते ही ठंड का अहसास बढ़ गया। दिन में हल्की गर्मी और शाम में ठंड के इस बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सेहत का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static