Jharkhand Weather Update: झारखंड में बदल रहा मौसम का मिजाज, कहीं 36 तो कहीं 30 डिग्री तापमान; सुबह-शाम बढ़ी ठंडक
Thursday, Mar 05, 2026-12:30 PM (IST)
Jharkhand Weather Update: झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कभी तापमान 36 डिग्री तक पहुंच रहा है तो कभी 30 डिग्री के आसपास रह जा रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राज्य में अभी ठंड से गर्मी की ओर मौसम बदलने का दौर चल रहा है, इसलिए तापमान में लगातार बदलाव हो रहा है।
न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री के बीच रहने की संभावना
झारखंड में फिलहाल मौसम ट्रांजिशन फेज में है। यानी ठंड धीरे-धीरे खत्म हो रही है और गर्मी की शुरुआत हो रही है। इसी वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में रोज बदलाव देखा जा रहा है। रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार दक्षिणी जिलों जैसे पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां में आज न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री तक रह सकता है। वहीं राज्य के बाकी जिलों में न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो रही
उत्तरी-पूर्वी जिलों जैसे देवघर, गोड्डा, साहिबगंज और दुमका में लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। पहले यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंच रहा था, जो अब घटकर करीब 32 डिग्री के आसपास आ गया है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 17 डिग्री से गिरकर करीब 14 डिग्री तक पहुंच गया है। इससे शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है।
सुबह-शाम ठंडी हवा चलने से मौसम सुहावना
मध्य और पश्चिमी जिलों में भी मौसम का यही हाल है। पलामू, रांची, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा, चतरा, लातेहार, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री तक देखा जा रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री के बीच बना हुआ है। कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान और भी कम दर्ज किया गया है। बोकारो में 13.6 डिग्री, गुमला में 11.4 डिग्री और खूंटी में सबसे कम 10.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इस वजह से लोगों को दिन की गर्मी से थोड़ी राहत मिली है और सुबह-शाम ठंडी हवा चलने से मौसम सुहावना हो गया है।

