Jharkhand Weather: झारखंड में बदला मौसम, तेज बारिश से गर्मी से राहत; आज 15 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी
Wednesday, Mar 11, 2026-09:47 AM (IST)
Jharkhand Weather: बांग्लादेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर अब झारखंड के मौसम पर दिखने लगा है। रांची समेत कई जिलों में मंगलवार को अचानक मौसम बदला, बादल छाए और बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

बारिश के कारण मौसम सुहावना
बीते मंगलवार को राजधानी रांची सहित झारखंड के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और शाम होते-होते कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। करीब दो घंटे तक हुई बारिश के दौरान रांची में लगभग 9 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के साथ कांके और रातू इलाके में तेज हवाएं चलीं और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। ठंडी हवा और बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया और लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली।

तापमान में फिलहाल ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं
बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला। रांची का अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस गिरकर 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में फिलहाल ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है और तापमान फिर से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इधर मौसम विभाग ने बुधवार को रांची समेत राज्य के 15 जिलों में मेघ गर्जन, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों में चेतावनी दी गई है उनमें खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं।

सुबह से दोपहर तक रांची में घना कोहरा
इन जिलों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। बीते मंगलवार को सुबह से दोपहर तक रांची में घना कोहरा भी छाया रहा। कोहरे की वजह से सुबह की हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं और एक विमान को रांची के बजाय कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा।

15 मार्च से मौसम फिर ले सकता है करवट
मौसम विभाग के अनुसार 13 और 14 मार्च को आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे उमस भी बढ़ेगी। वहीं 15 मार्च से मौसम फिर बदल सकता है। 15 और 16 मार्च को सुबह के समय कोहरा रहने और दिन में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।

