झारखंड में 15 मार्च के बाद बदलेगा मौसम, कई जिलों में गरज के साथ बारिश! लोगों को उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत
Thursday, Mar 12, 2026-01:02 PM (IST)
Jharkhand Weather: झारखंड में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है। राज्य के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो रही है। मौसम विज्ञान विभाग, रांची के अनुसार गुरुवार को उत्तर-पूर्वी जिलों में मौसम का असर ज्यादा रहेगा। इन जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है।
छह जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आंशिक बादल रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज की संभावना है। राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा। राजधानी रांची समेत कई जिलों में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहेगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री और न्यूनतम 19.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, मेदिनीनगर में सबसे अधिक तापमान 36.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है।
15 से 17 मार्च तक मौसम में बदलाव
मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 से 17 मार्च के बीच राज्य के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर कई जिलों में गरज के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है। प्रभावित जिलों में रांची, लोहरदगा, हजारीबाग, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसांवा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज और कोडरमा शामिल हैं। मौसम विभाग ने बताया कि कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। कुछ स्थानों पर वज्रपात और हल्की बारिश की भी संभावना है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है।
धनबाद में झमाझम बारिश
धनबाद में बुधवार को शाम लगभग 5:30 बजे अचानक तेज बारिश हुई, जो करीब एक घंटे तक जारी रही। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार 16 मार्च को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। इस दौरान हल्की हवा चलने से मौसम और सुहाना रहेगा।

