नगर पंचायत चुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई, लातेहार में वाहन जांच के दौरान 40 लाख से अधिक नकदी जब्त
Thursday, Feb 05, 2026-10:08 AM (IST)
Jharkhand News : झारखंड के लातेहार जिले में नगर पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिले में लागू आदर्श आचार संहिता के तहत चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान बुधवार की शाम प्रशासन को बड़ी सफलता मिली।
लातेहार सदर थाना क्षेत्र के करकट ग्राम के समीप पलामू की ओर से रांची जा रही कत्थे रंग की मारुति स्विफ्ट डिजायर कार (जेएच 01 सीए 9495) से 40 लाख 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नियमित वाहन जांच के दौरान उक्त कार को रोका गया था, जिसकी तलाशी लेने पर इतनी बड़ी नकदी मिलने से संबंधित अधिकारियों ने तत्काल वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
नोडल पदाधिकारी श्रवण राम ने बताया कि बरामद राशि की जानकारी आयकर विभाग के सक्षम अधिकारी को दे दी गई है तथा पूरे मामले की जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक इससे संबंधित अन्य विवरण सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे। इस घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने क्षेत्र में सतकर्ता बढ़ा दी है तथा अन्य संदिग्ध वाहनों की भी गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नकदी का स्रोत क्या है और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चुनाव के दौरान अवैध धन के संभावित उपयोग को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने दोहराया कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की कारर्वाई काले धन के प्रवाह पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। फिलहाल मामला जांचाधीन है और आयकर विभाग की रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

