Ranchi News: होटवार जेल में हाफ पैंट और टी-शर्ट पहन कर कैदी लगा रहे ठुमके, Video Viral
Thursday, Nov 06, 2025-12:51 PM (IST)
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के भगवान बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में कुछ कैदियों का डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद जेल आईजी के निर्देश पर जेलर देवनाथ राम और जमादार विनोद कुमार को सस्पेंड कर दिया गया।
जेलर देवनाथ राम और जमादार विनोद कुमार को सस्पेंड करने के बाद दिनेश वर्मा को नया जेलर बनाया गया है। उन्हें तत्काल योगदान देने का निर्देश दिया गया है। वायरल वीडियो में दो कैदी फिल्मी गानों पर ठुमके लगाते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो जेल परिसर के अंदर बने एक हॉल का बताया जा रहा है। इसमें दोनों आरोपी हाफ पैंट और टी-शर्ट में नाचते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ अन्य कैदी भी मौजूद हैं, जो डांस का मजा ले रहे हैं।
बताया जा रहा है कि डांस करने वालों में एक शराब घोटाले का आरोपी विधु गुप्ता और दूसरा जीएसटी घोटाले का आरोपी विक्की भालोटिया है। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद जेल महकमे में हड़कंप मंच गया। जेल प्रशासन ने आनन-फानन में वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की।

