"टूट जाई राजाजी पलंग सागवान के", पर डांस करती दिखी महिला पुलिसकर्मी, सोशल मीडिया पर Video Viral

Monday, Mar 30, 2026-11:42 AM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के धनबाद में एक महिला पुलिस अधिकारी का डांस वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है।

"ड्यूटी के दौरान और वर्दी में इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं"
जिले के राजगंज थाना की प्रभारी अलीशा कुमारी का एक वीडियो इन दिनों खूब चर्चा में है। इस वीडियो में वह एक कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के साथ डांस करती नजर आ रही हैं। उनके साथ एक अन्य महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो चैती दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित डांडिया नाइट का है, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां शामिल हुई थीं। उस समय अलीशा कुमारी वहां सुरक्षा व्यवस्था देखने के लिए मौजूद थीं। इसी दौरान कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने उनसे डांस करने का अनुरोध किया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।

वीडियो में वह भोजपुरी गाने “टूट जाई राजाजी पलंग सागवान के” पर डांस करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोग इसे सामान्य सामाजिक भागीदारी बता रहे हैं, तो कुछ इसे अनुशासन के खिलाफ मान रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान और वर्दी में इस तरह का व्यवहार ठीक नहीं है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि पुलिसकर्मी भी समाज का हिस्सा हैं और ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होना गलत नहीं है।

"पुलिस अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा"
मामला बढ़ने के बाद धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने कार्रवाई करते हुए अलीशा कुमारी को लाइन क्लोज कर दिया है और जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं चैती दुर्गा पूजा समिति की महिला सदस्यों ने इस कार्रवाई पर दुख जताया है। उनका कहना है कि अलीशा कुमारी को महिलाओं के आग्रह पर ही डांस के लिए बुलाया गया था और गाना भी गलती से बज गया था, जिसे तुरंत बंद करा दिया गया। उन्होंने एसएसपी से इस मामले में दोबारा विचार करने की अपील की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static