Ram Navami 2026: रामनवमी को लेकर Ranchi के बाजारों में रौनक, महावीरी झंडों की जबरदस्त बिक्री

Thursday, Mar 26, 2026-05:19 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में रामनवमी को लेकर उत्साह चरम पर है। 27 मार्च को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर रांची शहर के बाजार पूरी तरह सज-धज कर तैयार हो गए हैं। जगह-जगह महावीरी झंडों की दुकानें सजी हैं और बाजार भगवा रंग में रंगा नजर आ रहा है।

सुबह से देर रात तक बाजारों में खरीदारी जारी
अपर बाजार, पिस्कामोड़, अल्बर्ट एक्का चौक, शहीद चौक, मोरहाबादी और लालपुर जैसे प्रमुख इलाकों में दुकानों पर छोटे से लेकर बड़े आकार तक के महावीरी झंडे उपलब्ध हैं। लोग अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार झंडों की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में 15 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक के झंडे बिक रहे हैं। कई लोग विशेष डिजाइन के झंडों की सिलाई भी करवा रहे हैं, जिससे कारीगरों की मांग भी बढ़ गई है। रामनवमी को लेकर दुकानदारों में भी खासा उत्साह है। उनका कहना है कि इस पर्व के दौरान साल की सबसे ज्यादा बिक्री होती है। झंडों के अलावा चुनरी, रामनामी पट्टा, बाइक झंडा, हनुमान जी के वस्त्र, टी-शर्ट और भगवा तौलिया भी खूब बिक रहे हैं। बाजारों में पारंपरिक हथियार जैसे तलवार, भुजाली, फरसा, चाकू और गुप्ती की बिक्री भी हो रही है, जिन्हें शोभायात्रा के दौरान उपयोग किया जाता है। इसके साथ ही पूजन सामग्री की दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सुबह से देर रात तक बाजारों में खरीदारी जारी है। इधर, बांस की बिक्री में भी काफी तेजी आई है। 50 से 250 रुपये तक के बांस की मांग बढ़ गई है, जिसका उपयोग झंडा लगाने में किया जाता है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी अलर्ट मोड पर
विक्रेताओं के अनुसार, रामनवमी के दौरान बांस की बिक्री अपने चरम पर पहुंच जाती है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों को झंडों और रोशनी से सजाया गया है। 27 मार्च को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। बैठकों का दौर लगातार प्रशासनिक अधिकारी कर रहे हैं ताकि शांति और सौहार्दपूर्ण रूप से रामनवमी मनाया जा सके। वहीं प्रशासन ने सोशल मीडिया कड़ी नजर रख रहा है और लोगों से अपील भी की है कि सोशल मीडिया की अफवाहों पर न आएं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static