पूर्व विधायक हीरा राम तूफानी का दिल्ली में हार्ट अटैक से निधन, CM हेमंत ने जताया दुख

Monday, Jul 22, 2024-12:43 PM (IST)

रांची: कांके विधानसभा के पूर्व विधायक हीरा राम तूफानी का निधन हो गया है। उनके निधन पर सीएम हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त किया है। सीएम हेमंत सोरेन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आदरणीय तूफानी के निधन की दुखद सूचना मिली। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता सह कांके विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक हीराराम तूफानी (67 वर्ष) का बीते रविवार की सुबह दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया। उनकी मौत का कारण हृदयाघात बताया जा रहा है। वह पिछले 4 जुलाई से ही दिल्ली के वेदांता अस्पताल में हार्ट चोक होने के कारण भर्ती थे। वहां से उन्हें शनिवार को ही राम मनोहर लोहिया अस्पताल में रेफर कर भर्ती कराया गया था जहां इलाज के क्रम में उनका बीते रविवार को निधन हो गया है।

बता दें कि हीराराम तूफानी गढ़वा जिले के रमना थाना क्षेत्र के बहियार गांव के मूल निवासी हैं। दलित परिवार से आने वाले स्व तूफानी ने जेपी आंदोलन से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। उस समय उन्होंने छात्र जीवन में ही एकीकृत बिहार (अब झारखंड) के अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित कांके विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था और पहली ही बार में विधायक बन गये थे। इसके बाद उनका चयन बिहार प्रशासनिक सेवा के पद के लिए हो गया और वह प्रखंड विकास पदाधिकारी के रूप में भी काफी दिनों तक सेवा में रहे। फिर बीच में ही उन्होंने नौकरी छोड़ दी तथा फिर से राजनीति में आ गये, लेकिन फिर कभी विधायक या सांसद के रूप में चुने नहीं जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static