CM हेमंत ने पूर्व सांसद सुमन महतो की बेटी को दी श्रद्धांजलि, परिवार को दी सांत्वना

Saturday, Aug 24, 2024-12:09 PM (IST)

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूर्व सांसद सुमन महतो की बेटी को श्रद्धांजलि देने जमशेदपुर पहुंचे। यहां सीएम हेमंत सोनारी स्थित आवास पहुंच मुख्यमंत्री सुमन महतो के परिवार से मिले।

इसके बाद सीएम हेमंत सोरेन परिसदन पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत में सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि वह फिलहाल शोक में आए हैं और किसी राजनीतिक सवाल का जवाब देना मुनासिब नहीं। मंत्री चंपई सोरेन के बगावत पर पूछे गए सवाल को सीएम हेमंत टालते दिखे, लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि चंपई सोरेन से उनकी कोई नाराजगी नहीं है। उनकी नाराजगी से जुड़ा कोई मामला भी उनके (सीएम) संज्ञान में नहीं आया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सवाल जहां से आ रहे हैं। इसका जवाब वे ही बेहतर दे सकते हैं। पार्टी एकजुट है। भाजपा वाले ऐसे मामलों को हवा दे रहे हैं। जिस तरह लोकसभा चुनाव में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी उसी तरह आगामी विधानसभा में भी उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ेगा। भाजपा के रांची आक्रोश मार्च के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा वाले उल्टा चोर कोतवाल को डांटे कहावत को चरितार्थ कर रहे हैं। जनता का आक्रोश भाजपा के प्रति बढ़ता जा रहा है जिसे वे दूसरा रूप देने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी सह गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन भी आयी थीं।

गौरतलब है कि जमशेदपुर की पूर्व सांसद सुमन महतो की बड़ी बेटी अंकिता महतो का दिल्ली में इलाज के क्रम में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि अंकिता को जॉन्डिस हुआ था। सोमवार को उल्टी की शिकायत होने पर उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static