रक्षा मंत्री ने चतरा में 3 लोकसभा के क्लस्टर व बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, दिया जीत का मंत्र

3/16/2024 10:47:17 AM

Ranchi: 2024 के लोकसभा चुनाव की घोषणा होने में कुछ ही वक़्त बचा है। ऐसे में बीजेपी का शीर्ष नेतृत्व ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। इसी कड़ी में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का एक दिवसीय झारखंड दौरे था। इस दौरे के दौरान जहां राजनाथ सिंह ने चतरा में 3 लोकसभा के क्लस्टर व एक बूथ स्तर के कार्यकर्ताओ को संबोधित किया तो वहीं, रांची, खूंटी और लोहरदगा की क्लस्टर बैठक में भाग लिया, जिसमें लोकसभा, विधानसभा कोर कमेटी और लोकसभा प्रबंधन समिति के पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 2024 लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री के अबकी बार 400 पार के नारे को साकार करने और झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर भाजपा का परचम लहराने का मूल मंत्र दिया।

रक्षा मंत्री ने अपने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को इस संकल्प को पूरा करने के लिए सब कुछ भुलाकर कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि आपकी आपके लोकसभा उम्मीदवार से किसी बात को लेकर नाराजगी हो सकती है, आपकी किसी से व्यक्तिगत नाराजगी हो सकती है पर ध्यान रखना है कि देश से बड़ा कुछ भी नहीं क्योंकि आप भाजपा के कार्यकर्ता हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा जनता को जनार्दन (भगवान) मानते है, लेकिन कांग्रेस पार्टी अपने परिवार को अपना जनार्दन मानती है। भाजपा और कांग्रेस के बीच ये मौलिक अंतर है। हमें एक नई सोच के साथ आगे बढ़ना है। वहीं, झारखंड में जेएमएम के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर भी जमकर हल्ला बोलते हुए कहा कि झारखंड देश का इकलौता ऐसा राज्य है जिसके मुख्यमंत्री 2 दिनों तक लापता रहे और इन दिनों जेल में हैं।

सीएए पर राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में हिंदू, सिख, बौद्ध, ईसाई और पारसी, जैन के खिलाफ धार्मिक उत्पीड़न हुआ और वे शरण के लिए भारत आए। हमने उन लोगों को नागरिकता देने का फैसला किया है और भाजपा को इसके लिए सांप्रदायिक पार्टी बताया जा रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनेगा और यह भगवान की इच्छा है कि वह (पीएम मोदी) न सिर्फ तीसरी बार बल्कि चौथी बार भी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Recommended News

Related News

static