जमीनी विवाद में खून के रिश्ते तार-तार: आम चुनने गए मासूम भाई का रेता गला, बहन के सामने दी दर्दनाक मौत
Saturday, May 24, 2025-12:02 PM (IST)

Chaibasa News: झारखंड के चाईबासा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां जमीनी विवाद के चलते एक मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जुगीदारू गांव का है। बताया जा रहा है कि चाचा-भतीजे में काफी साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसके चलते आरोपी चंद्रमोहन बानसिंह (भतीजा) ने चाचा के 12 वर्षीय बेटे अर्जुन बानसिंह की बेरहमी से हत्या कर दी। मामले में मृतक के पिता का कहना है कि बीते गुरुवार को उनका बेटा और बेटी घर से कुछ दूर स्थित पेड़ से गिरे आम चुनने गए थे। इस दौरान दोनों भाई-बहन पेड़ से गिरे आम चुन रहे थे।
तभी आरोपी चंद्रमोहन बानसिंह वहां आया। उसने अर्जुन बानसिंह को पकड़ा और गला रेत कर हत्या कर दी। यह देख बहन भाग गई और घर जाकर उसने परिजनों को जानकारी दी। जानकारी मिलते ही परिजन दौड़े-दौड़े आम के पेड़ के नीचे गए तो देखा कि बेटा वहां लहूलुहान पड़ा था।