Lok Sabha Elections 2024: झारखंड में 4 लोकसभा सीटों पर हुआ 63% मतदान, जमशेदपुर में सबसे अधिक वोटिंग

5/26/2024 9:12:07 AM

रांची: झारखंड में चार लोकसभा क्षेत्रों में शनिवार को 62.74 प्रतिशत मतदान हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर निर्वाचन क्षेत्रों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ था, जो शाम पांच बजे तक चला। उन्होंने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। 

जमशेदपुर में सबसे ज्यादा तो धनबाद में सबसे कम वोटिंग
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने कहा, ‘‘झारखंड में आज 62.74 प्रतिशत मतदान हुआ। जमशेदपुर में सबसे अधिक 66.79 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद गिरिडीह में 66.14 प्रतिशत मतदान, रांची में 60.10 प्रतिशत और धनबाद में 59.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।'' उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में गिरिडीह में 67.12 प्रतिशत, धनबाद में 60.47 प्रतिशत, रांची में 64.49 प्रतिशत और जमशेदपुर में 67.19 प्रतिशत मतदान हुआ था। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत को अद्यतन किया जा रहा है और इसके और बढ़ने की संभावना है। 

चार लोकसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण रहा मतदान
कुमार ने कहा, ‘‘एमसीसी (आदर्श आचार संहिता) उल्लंघन के कुछ मामलों को छोड़कर, चार लोकसभा क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण रहा। एमसीसी के उल्लंघन को लेकर तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।'' सीईओ ने कहा कि जमशेदपुर लोकसभा सीट पर एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी, जहां एक मतदान कर्मी की मौत हो गई। झारखंड पुलिस के प्रवक्ता अमोल वी होमकर ने कहा कि किसी भी जगह से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है और गिरिडीह के पारसनाथ हिल्स तथा पीरटांड़ और बोकारो के झुमरा एवं लुगुबुरु जैसे माओवाद प्रभावित इलाकों में भी बहुत अच्छा मतदान हुआ। होमकर ने कहा कि कम से कम 764 मतदान केंद्र माओवाद प्रभावित श्रेणी में आते हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static