झारखंड के 12 लोकसभा क्षेत्रों के मतदान में महिलाओं का रहा दबदबा: के रवि कुमार

6/3/2024 9:04:29 AM

 

रांचीः झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने कहा है कि सातवें चरण के चुनाव में तीन संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में संपन्न मतदान के बाद सभी पोलिंग पार्टी वापस लौट आए हैं।

कुमार ने निर्वाचन सदन, धुर्वा में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सभी इवीएम स्क्रूटनी के बाद स्ट्रांग रूम में सील कर दिए गए हैं। सभी मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि राजमहल, दुमका और गोड्डा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 70.88 प्रतिशत मतदान हुआ है। उसमें राजमहल में 70.78 प्रतिशत, दुमका में 73.87 प्रतिशत और गोड्डा में 68.63 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसी तरह झारखंड के सभी 14 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों का मतदान प्रतिशत 66.49 प्रतिशत रहा है।

के रवि कुमार ने बताया कि 2019 के लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार 2024 के चुनाव में झारखंड के 14 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में से 8 में अधिक मतदान हुआ है। जिन 6 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में 2019 की तुलना में कम मतदान हुआ है, वह सभी बिहार राज्य की सीमा से जुड़े क्षेत्र हैं। उन्होंने कहा कि संभावना है कि उस इलाके में पलायन आदि कारणों से ऐसा हुआ है। मतदान से जुड़ी एक रोचक जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि 14 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में से 12 में महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया है। सिर्फ रांची और जमशेदपुर में पुरुष मतदाताओं ने महिलाओं से अधिक मतदान किया है, लेकिन उसका अंतर भी मामूली रहा है।

वहीं 14 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत पड़ने वाले 68 विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया है। सिर्फ 13 विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं से अधिक पुरुषों ने मतदान किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static