RJD के अतिपिछड़ा सम्मेलन में हंगामा, पार्टी के दो गुटों में जमकर चले लात-घूसे; कुरुछेत्र बना सभागार
Thursday, Sep 28, 2023-06:23 PM (IST)

मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी में आयोजित अतिपिछड़ा सामाजिक जागरूकता सम्मेलन में राजद कार्यकर्ताओ और नेताओं में जमकर लात घूसे चले। दरअसल, गांधी सभागार में सम्मेलन के दौरान आरजेडी के दो गुटों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से लात घूसे चलना शुरू हो गया। वहीं गांधी सभागार कुछ देर के लिए कुरुछेत्र बन गया।
बता दें कि आगामी चुनाव को देखते हुए राजद द्वारा अतिपिछड़ा समुदाय के लोगों को एकजुट करने के लिए गांधी सभागार में एक सम्मलेन का आयोजन किया गया था, जिसमें आरजेडी कोटे के मंत्री से लेकर पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान लालू परिवार के नजदीकी माने जाने वाले विनोद श्रीवास्तव और जिलाध्यक्ष व विधायक मनोज यादव के बीच विवाद हो गया। इस बीच मंच से कूद कर जिलाध्यक्ष मनोज यादव ने विनोद श्रीवास्तव के कार्यकर्ताओं की पिटाई शुरू कर दी। दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस हंगामे में विनोद श्रीवास्तव के एक कार्यकर्ता बुरी तरह घायल भी हो गए।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में देरी से पहुंचने के कारण विनोद श्रीवास्तव को आगे की कतार में जगह नहीं मिली और उन्हें पीछे बिठाया गया, जिसके बाद विनोद श्रीवास्तव के कार्यकर्ता नाराज हो गए। उन्होंने पहले नारेबाजी की और फिर मारपीट की घटना होने लगी। इसी बीच मनोज यादव गुस्से में आकर सभा मे बैठे लोगों की तरफ कूदे और लोगों को शांत कराने के असफल प्रयास के बाद पिटाई शुरू कर दी। हालांकि कुछ देर बाद अन्य नेताओं के समझाने बुझाने के बाद हंगामा शांत किया गया। इस कार्यक्रम में आरजेडी के वरिष्ठ व मंत्री नेता श्याम रजक, रीता देवी, इसराइल मंसूरी, अनिता भारती, श्याम रजक, शमीम अहमद, अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद सहनी समेत राज्य से आए कई वरिष्ट नेता मौजूद थे।