"कांग्रेस-राजद ने बिहार को सालों तक लूटा, अब दुबारा मौका नहीं देगी जनता"- मंत्री संतोष सुमन
Monday, May 05, 2025-05:57 PM (IST)

Bihar Politics: हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष सुमन (Santosh Suman) ने कहा है कि सालों तक बिहार को लूटने वाले राष्ट्रीय जनता दल (RJD)-कांग्रेस को अब बिहार की जनता दुबारा मौका नहीं देने वाली है।
"कांग्रेस-राजद ने बिहार को सालों तक लूटा"
सुमन ने सोमवार को कहा कि बिहार में राजद एवं कांग्रेस का शासनकाल भय और भ्रष्टाचार का प्रतीक रहा है। उस दौर की यादों से लोग आज भी सिहर जाते हैं। बिहार को कांग्रेस-राजद ने गठजोड़ कर सालों तक लूटा, विकास को रोके रखा। कांग्रेस के जिस भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ 1974 में हुए आंदोलन के लालू प्रसाद अगुआ थे, सत्ता के लोभ में उसी कांग्रेस की गोद में जा कर बैठ गए।
"बदलाव लोगों के दिलों में बस चुका"
सुमन ने कहा कि 2005 में जब बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार आई तो हर जिले से पटना तक सड़कें बनीं, महिलाएं सशक्त हुईं, स्कूल, कॉलेज और अस्पताल खुले और बिजली की उपलब्धता बढ़ी। स्पीडी ट्रायल के जरिए अपराधियों को सजा दिला कर अपराध पर अंकुश लगाया गया। इससे लोगों में कानून के राज के प्रति भरोसा बढ़ा। आज बिहार बदला है, और ये बदलाव लोगों के दिलों में बस चुका है। ऐसे में राजद-कांग्रेस चाहे जितना तिकड़म कर लें, बिहार में उनकी दाल नहीं गलने वाली है।